रुद्रप्रयाग। ऊर्जा संरक्षण दिवस पर राजकीय आदर्श इंटर कालेज रुद्रप्रयाग में चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं को मानव जीवन में ऊर्जा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उरेडा विभाग के अवर अभियंता डीएस पटवाल ने ऊर्जा बिजली उत्पादन के बारे में जानकारी दी। कहा, कि गाढ़-गदेरों व नदियों पर छोटी-छोटी विद्युत परियोजनाओं को स्थानीय रोजगार का जरिया बताया। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण के बारे में छात्र-छात्राओं को कक्षा-कक्षों, घरों व अन्य स्थानों पर बिजली के स्वीच, पंखे सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का जरूरत पर ही उपयोग की अपील की, जिससे ऊर्जा का संरक्षण हो सके। इस मौके पर निबंध प्रतियोगिता में छात्रा शिवानी प्रथम, जीजीआईसी अगस्त्यमुनि की अमीषा द्वितीय व राइंका तिलकनगर के विजय प्रकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में जीआईसी कमसाल की शिवानी ने प्रथम, जीआईसी लमगौंडी की सृष्टि ने द्वितीय और जीआईसी मयाली की पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता के तहत पक्ष में जीआईसी नागजई की प्राची व विपक्ष में कन्या हाईस्कूल ऊखीमठ की संजना ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर बीएस नेगी, डॉ. ममता नौटियाल, एचएस बिष्ट, बीएस जेठुड़ी, दिव्या नौटियाल, सीएस बिष्ट, डीएल बडम्वाल आदि मौजूद थे।