गुप्तकाशी। कालीमठ घाटी के गांवों को डाक विभाग की सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। डाक शाखा कोटमार में पोस्टमैन का पद रिक्त होने से लोगों को मनीऑडर, रजिस्ट्री समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। ग्राम प्रधान शिवदेयी देवी, सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश भट्ट, संदीप भट्ट, मनवर सिंह चौहान आदि का कहना है कि डाकघर शाखा से कोटमा, खुन्नू, मंजीरा सहित दस से अधिक गांव जुड़े हैं। शाखा के माध्यम से ग्रामीणों को सगे-संबंधियों व परिजनों द्वारा भेजे गए मनीऑडर, रजिस्ट्री व अन्य डाके प्राप्त होती हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से डाकघर शाखा में पोस्टमैन का पद रिक्त होने से गांवों में डाक का वितरण नहीं हो रहा है। उन्होंने विभाग से क्षेत्र की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पोस्टमैन की तैनाती की मांग की है। इधर, विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिन-जिन डाक शाखाओं में पद रिक्त हैं, उन्हें भरने के लिए जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।