रुद्रपुर के कलक्ट्रेट में हुई बैठक में अधिकारियों को निर्देश देती डीएम रंजना राजगुरू।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। डीएम रंजना राजगुरू ने शनिवार को कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में कोविड-19 को लेकर गठित जिला स्तरीय कोर कमेटी की बैठक की। उन्होंने सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल को आरटीपीसीआर की सैंपलिंग में रोजाना सौ प्रति लाख जनसंख्या का लक्ष्य रखने के निर्देश दिए। कहा कि जिले की जनसंख्या के अनुसार करीब दो हजार लोगों की जांच प्रतिदिन होनी चाहिए।
डीएम ने निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में एंटीजन सैंपलिंग को बढ़ाया जाए। उपजिला अस्पताल खटीमा और काशीपुर में ट्रू-नेट की सैंपलिंग भी बढ़ाई जाए। सीएमओ ने बताया कि जिले में 21 सैंपलिंग सेंटर संचालित हैं। डीएम ने जनहित में सभी सैंपलिंग सेंटरों का प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। कहा कि जिला अस्पताल में 24 घंटे एवं उपजिला अस्पताल खटीमा, काशीपुर और सभी सीएचसी सेंटरों पर प्रतिदिन आरटीपीसीआर की सैंपलिंग की जाए। निर्देश दिए कि कंटेनमेंट जोन में आवश्यकतानुसार दवाएं आदि सुविधाएं सुचारु रूप से दी जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, नगर निगम, नगर निकाय के अधिकारियों/कर्मचारियों के संयुक्त टीम गठित करते हुए जागरूक अभियान चलाया जाए। जो लोग मास्क और सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत सरकार एवं शासन के निर्देशानुसार होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों के लिए उचित कार्यवाही करें। बैठक में सीडीओ हिमांशु खुराना, एसडीएम जगदीश चंद्र कांडपाल, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, एसीएमओ डॉ. अविनाश खन्ना, सीएमएस डॉ. टीडी रखोलिया आदि थे।