जखोली। मनरेगा कार्यों में भुगतान नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों ने बीडीसी बैठक में जमकर हंगामा किया। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में व्यापक भष्ट्राचार का आरोप लगाया।
ब्लाक प्रमुख राजकुमारी रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने अधिकारियों से कहा कि वे जनता व जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समय पर निस्तारित करें। प्रधान संगठन के अध्यक्ष महावीर पंवार ने कहा कि मनरेगा योजना फलीभूत नहीं हो पा रही है।
बीते एक वर्ष से अधिक समय से गांवों में विकास कार्यों का भुगतान नहीं हो रहा है। प्रधान हरीश पुंडीर ने कांडई-मयाली पेयजल योजना व स्टोर टैंक निर्माण की मांग की। प्रधान जितेंद्र लाल ने स्वीकृति जाखणी-टेंडवाल-भणगा मोटरमार्ग पर वन निगम द्वारा चिह्नित पेड़ों का पातन नहीं करने पर रोष जताया। ग्राम प्रधान सतीश जोशी ने पैंयाताल से सतना झील तक खेतों किनारे दो किमी चकबंदी की मांग की। प्रधान दुर्लभ सिंह नेपेंशन नहीं मिलने और प्रधान रणवीर सिंह मेंगवाल ने दिव्यांगों के आधार कार्ड नहीं बनने की शिकायत की। उन्होंने पेंशनरों व दिव्यांगों के लिए शिविर लगाए जाने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने मनरेगा मामलों में बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए त्वरित भुगतान के निर्देश भी दिए। साथ ही चेताया कि अगर, इस तरह की शिकायतें भविष्य में मिलती है, तो संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ एनएस रावत, ज्येष्ठ प्रमुख चैन सिंह पंवार, बीडीओ केएस सजवाण मौजूद थे।