रुद्रप्रयाग। राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्यार्क-बरसूड़ी में कक्षाओं का संचालन खुले आसमान के नीचे हुआ। कक्षा एक से पांच तक पंजीकृत सभी 44 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिक्षकों ने पूरी सतर्कता बरती, लेकिन किसी भी विभागीय अधिकारी ने विद्यालय का जायजा लेना उचित नहीं समझा। आज से कक्षाओं का संचालन राजकीय हाईस्कूल के भवन में होगा।
बुधवार को प्रावि क्यार्क-बरसूड़ी अपने नियत समय पर खुला। मौसम में सुधार को देखते हुए प्रधानाध्यापिका विजया चमोला और सहायक शिक्षक दीपक भट्ट द्वारा सभी कक्षाएं खुले आसमान के नीचे पढ़ाई गई। करीब दो घंटे बाद कक्षा एक और दो के बच्चों को बरामदे में बिठाया गया। विद्यालय में प्रभावित कक्षा-कक्ष का छत का मलबा लगातार गिर रहा है, जिससे पूरा भवन अति संवेदनशील हो गया है। प्रधानाध्यापिका चमोला ने बताया कि डीईओ बेसिक द्वारा उन्हें मोबाइल पर सूचना दी गई है कि बृहस्पतिवार से प्राथमिक कक्षाओं का संचालन राजकीय हाईस्कूल के एक कक्ष में किया जाए। दूसरी तरफ जिला शिक्षाधिकारी बेसिक डा. विद्याशंकर चतुर्वेदी ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय के स्कूल भवन की छत की मरम्मत के लिए इस्टीमेट तैयार करने को कहा गया है।