रुद्रप्रयाग (ब्यूरो)। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने खांकरा में बच्छडग़ाड़ पर दो करोड़ 85 लाख की लागत से बनी झील का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई और पर्यटन विभाग को जलाशय के सुंदरीकरण के लिए रिपोर्ट तैयार करने को कहा।
राज्य योजना में वर्ष 2010-11 में सिंचाई विभाग की ओर से निर्मित झील को पर्यटन से जोड़ने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। रविवार को झील का निरीक्षण करते हुए डीएम ने आसपास की पहाड़ियों पर रॉक क्लाइंबिंग को लेकर भी योजना बनाने की बात कही। डीएम ने बताया कि आने वाले समय में झील को वर्ल्ड बैंक की मदद से और भव्य बनाने का प्रयास किया जाएगा। प्रधान प्रदीप मलासी ने खांकरा में शौचालय सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर करने की मांग की।