रुद्रप्रयाग। विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जनपद की चारों निकाय सीटों पर जोरदार जीत दर्ज करेगी। कहा कि संगठन एकजुटता के साथ अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए कार्य करने में जुटा है।
पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई विजन नहीं है। विकास को लेकर कोई एजेंडा नहीं होने के कारण जनता का कांग्रेस से विश्वास उठ चुका है। नगर पालिका रुद्रप्रयाग में कांग्रेस प्रत्याशी की कोई पहचान नहीं है। कहा, कि भाजपा अपनी जीत के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त है। पार्टी प्रत्याशी का ग्राफ दिनोंदिन बढ़ रहा है। विधायक ने कहा कि पूरा संगठन एकजुट होकर कार्य कर रहा है। अगर, किसी कार्यकर्ता या पदाधिकारी की पार्टी विरोधी गतिविधियों में सक्रिय होने की कोई शिकायत मिली तो, उसे तत्काल प्रभाव से छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, नगरध्यक्ष सुनील नौटियाल, महेश ड्यूंडी, केशव डोभाल आदि मौजूद थे।