तिलवाड़ा। यहां एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ने वाला छात्र बीते 13 जुलाई से लापता है। छात्र के पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पुलिस से बेटे की खोजबीन की गुहार लगाई है।
नागजगई-भीरी गांव निवासी वीरेंद्र सिंह पंवार, हाल निवास तिलवाड़ा ने बताया कि 13 जुलाई की सुबह उन्होंने अपने बेटे आयुष पंवार (15) को पढ़ाई के लिए फटकार लगाई थी और उसे घर में ही रहने को कहा था। स्वयं वह बेटी को लेकर स्कूल चले गए थे, लेकिन जब छुट्टी के बाद वह घर पहुंचे तो, बेटा घर पर नहीं था। बताया कि सभी सगे-संबंधियों और रिश्तेदारों के माध्यम से खोजबीन कर दी गई है, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया है। उन्होंने पुलिस से बेटे की खोज की गुहार लगाई है। पंवार एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं और बेटे और बेटी के साथ तिलवाड़ा में किराए पर रहते हैं। जबकि उनकी पत्नी गांव में रहती हैं। इधर, चौकी प्रभारी संदीप देवरानी ने बताया कि गुमशुदगी के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। लापता किशोर की फोटो जिले सहित पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी के थाना/चौकी को भी भेजी जा रही है।