रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2018 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को डीएम ने सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दूरस्थ विद्यालयों के मेधावी सबके के लिए रोल मॉडल है। अपने अनुभव साझा करते हुए डीएम ने छात्रों को करियर के टिप्स भी दिए। बृहस्पतिवार को शिक्षा विभाग व आईडीआई बैंक द्वारा मेधावियों छात्रों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के टॉप-29 छात्र-छात्राओं को डीएम मंगेश घिल्डियाल ने प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह और पुस्तक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीएम ने छात्र-छात्राओं के गुरूजन व अभिभावकों की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बच्चों के भीतर नैतिक शिक्षा का समावेश करना जरूरी है, जिससे वे सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझ सके। उन्होंने इंटरमीडिएट पास बच्चों को बीएससी-बीए में प्रवेश के बजाय तकनीकी कोर्स करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर मेधावियों ने भी अपने पढ़ाई के तौर-तरीकों, अभिभावक व गुरूओं से मिले सहयोग को लेकर अपने अनुभव साझा किए। समारोह में सीईओ चित्रानंद काला, आईडीबीआई के प्रबंधक मयंक बहुगुणा, डीईओ माध्यमिक एलएस दानू, डीईओ बेसिक डा. विद्या शंकर चतुर्वेदी, जिला सेवायोजन अधिकारी कपिल पांडे आदि मौजूद थे।