चारधाम परियोजना से प्रभावित होने वाले नगर के 160 दुकान व भवन स्वामियों को जल्द ही मुआवजा दिया जाएगा। प्रशासन द्वारा इन दिनों सूची तैयार की जा रही है। साथ ही सरकारी जमीन पर बनी दुकान व भवन का भी निर्धारित दरों के हिसाब से मुआवजा वितरण के लिए जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में बदरीनाथ हाईवे के चौड़ीकरण से रैंतोली से मुख्य बाजार तक कई दुकानें व आवासीय भवनों के प्रभावित लंबे समय से मुआवजा वितरण की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि प्रशासन व एनएच द्वारा मुआवजा के आश्वासन पर उनकी संपत्तियों को ध्वस्त किया गया है। जिनकी मरम्मत उन्हें स्वयं ही करनी पड़ रही है। अब जिला प्रशासन द्वारा चारधाम परियोजना से प्रभावित होने वाले प्रभावितों को मुआवजा वितरण को पत्रावलियों का अध्ययन किया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि मुआवजा से जुड़े प्रकरणों को हल कर दिया गया है। अब, निजी भूमि के साथ-साथ सरकारी भूमि पर बने दुकान व आवासीय भवन के प्रभावितों को भी शासन द्वारा तय दरों पर मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जल्द ही मुआवजा वितरण किया जाएगा।