रुद्रप्रयाग। पुराने विकास भवन में आयोजित जनता दरबार में फरियादियों द्वारा सड़क, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता से संबंधित 67 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें से 37 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
एसडीएम सदर देवानंद की अध्यक्षता में हुई जनता दरबार में नागजगई निवासी विमल चंद्र शुक्ला ने गांव में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था करवाने व विभिन्न स्थलों पर बंद पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर दुरुस्त किए जाने की मांग की। बनियाड़ी निवासी प्रेम सिंह राणा ने बनियाड़ी गांव स्थित पैतृक भूमि की जांच कराने की मांग की। अगस्त्यमुनि निवासी रघुवीर लाल ने आवासीय भवन के समीप झुके पेड़ को कटवाने, बजूण गांव निवासी वीरेंद्र सिंह ने ग्राम सभा में खराब हो चुकी विद्युत लाइन व पोलों को बदलने की शिकायत की। फरियादियों की शिकायत को सुनते हुए एसडीएम ने अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेने की बात कहते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सप्ताह के भीतर समस्याओं के निराकरण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर संयुक्त मजिस्ट्रेट/ बीडीओ अगस्त्यमुनि गौरव, डीडीओ एएस गुज्याल, एसीएमओ डॉ ओपी आर्य, सीवीओ डॉ रमेष सिंह नितवाल, तहसीलदार श्रेष्ठ गुनसोला सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।