रुद्रप्रयाग। पुनाड़ और औंण गांव को सड़क से जोड़ने के लिए नगर पालिका ने कवायद शुरू कर दी है। पालिकाध्यक्ष के नेतृत्व में वन व लोनिवि अधिकारियों ने मार्ग का प्रारंभिक सर्वेक्षण कर क्षेत्र का जायजा लिया। जल्द ही अंतिम सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
सोमवार को पालिकाध्यक्ष गीता झिंकवाण के नेतृत्व में वन क्षेत्राधिकारी आलोकी, लोनिवि की इंजीनियर सोनम नेगी व अन्य ने गुलाबराय-पुनाड़ हल्का मार्ग का निरीक्षण करते हुए औंण तक सड़क की संभावनाओं का जायजा लिया। टीम ने निर्मित करीब तीन किमी हल्के मार्ग को डेढ़ लेन में तब्दील कर पुनाड़ से औंण तक लगभग दो किमी नई सड़क निर्माण की बात कही। इस मार्ग के बनने से जहां पुनाड़, औंण और डांगसेरा तक पहुंच आसान होगी। वहीं, यात्राकाल व अन्य विषम परिस्थितियों में इस मार्ग को बाईपास के रूप में उपयोग किया जा सकेगा। पालिकाध्यक्ष गीता झिक्वांण ने बताया कि गुलाबराय-पुनाड़ मार्ग को मोटर मार्ग में तब्दील कर विस्तार के लिए सर्वे किया गया है। वन व लोनिवि के अधिकारियों ने भी सड़क निर्माण की स्थितियों को उचित पाया है। जल्द ही अंतिम सर्वे पूरा कर आगणन शासन को भेजा जाएगा। बता दें, कि नगर पालिका के पत्र का संज्ञान लेते हुए वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के डीएफओ को मार्ग सर्वे के निर्देश दिए थे। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष देवेंद्र सिंह झिक्वांण, ईओ संजय रावत, सभासद लक्ष्मण कप्रवान, गणेश नौटियाल, शैलेंद्र गोस्वामी आदि मौजूद थे।