रुद्रप्रयाग। डीएम मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में हुई खेल महाकुंभ-2018 की बैठक में ब्लाक व न्याय पंचायत स्तर पर समितियों का गठन किया गया। इस मौके पर खेल महाकुंभ में आयोजित होने वाले खेलों पर चर्चा की गई।
जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि जिले के दूर दराज ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों के हुनर को सामने लाने के लिए इस वर्ष भी युवा कल्याण विभाग की ओर से खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। जिला युवा कल्याण अधिकारी केएन गैरोला ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी स्कूलों में आवेदन पत्र भेजे गए है। 15 दिसंबर से 20 दिसंबर तक न्याय पंचायत, 21 से 26 दिसंबर तक ब्लाक, 27 से 4 जनवरी तक जिला स्तर पर खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। बताया कि महाकुंभ में न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 आयु व एथलेटिक्स के तहत 100 व 400 मीटर दौड़ के अलावा लंबी कूद, गोला फेंक, कबड्डी व खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित होंगे। इसके अलावा ब्लाक स्तर पर अंडर-14, 17, 19 व 25 में एथलेटिक्स के तहत 100, 200, 400, 600, 800, 1500 व 3000 मीटर दौड़, लंबीकूद, चक्का फेंक, गोला, भाला फेंक, कबड्डी खो-खो, बालीबाल, बैडमिंटन एकल व युगल, फुटबाल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस मौके पर सीडीओ एनएस रावत समेत विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद थे।