रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लाक के दूरस्थ राजकीय इंटर कालेज कैलाश-बांगर का ढाई दशक से लंबे समय से चला आ रहा विवाद खत्म हो गया है। प्रधानाचार्य संदीप शर्मा के प्रयासों से तहसील प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाकर भूमि का नापजोख कर विद्यालय को हैंडओवर कर दिया।
दूरस्थ राजकीय इंटर कालेज कैलाश-बांगर की 20 नाली भूमि है, लेकिन पिछले 25 वर्षों से करीब आधे से अधिक भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किया हुआ था। बीते वर्ष विद्यालय में तैनात भौतिकी के प्रवक्ता व प्रभारी प्रधानाचार्य संदीप शर्मा द्वारा भूमि पर अवैध कब्जा हटाने के लिए विभाग व प्रशासन से पत्राचार किया गया। मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने एसडीएम जखोली को विद्यालय भूमि पर अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। एक सप्ताह पूर्व एसडीएम देवमूर्ति यादव ने स्वयं मौके पर पहुंचकर एसएमसी व पीटीए की मौजूदगी में राजस्व उप निरीक्षक ने विद्यालय भूमि का नापजोख कराया, जिसमें करीब नौ नाली भूमि पर अवैध कब्जा पाया। तत्काल प्रभाव से प्रशासन की टीम द्वारा भूमि पर अवैध कब्जा हटाया गया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को भी भविष्य में ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी गई। एसडीएम यादव ने बताया कि विद्यालय की भूमि पर हुए अवैध कब्जे को हटा दिया गया है। विद्यालय की भूमि का सीमांकन कर जरूरी कार्रवाई भी पूरी कर दी गई है। इधर, प्रभारी प्रधानाचार्य शर्मा ने बताया कि अब चहारदीवारी और अतिरिक्त कक्ष-कक्षों के निर्माण के लिए विभाग के माध्यम से शासन को जल्द प्रस्ताव भेज दिया जाएगा।