रुद्रप्रयाग। चारधाम परियोजना संघर्ष समिति का भवन स्वामियों और व्यापारियों को मुआवजा देने और उनके विस्थापन की मांग को लेकर धरना दूसरे दिन भी जारी रहा।
हनुमान मंदिर चौक पर समिति के अध्यक्ष मोहित डिमरी व महामंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि प्रभावित व्यापारी व भवन स्वामी लंबे समय से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन सरकार निस्तारण नहीं कर रही। व्यापार संघ अध्यक्ष कांता प्रसाद नौटियाल ने कहा कि चारधाम परियोजना से प्रभावित व्यापारियों/भवन स्वामियों को 10 लाख का मुआवजा देने के साथ ही उनके नुकसान का वास्तविक मूल्यांकन कर वर्तमान दर से चार गुना अधिक प्रतिकर दिया जाए। उक्रांद नेता व पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष किशोरी नंदन डोभाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. आनंद सिंह बोहरा ने आंदोलन को समर्थन दिया। धरना देने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष केशव नौटियाल, अमित रतूड़ी, मगनानंद भट्ट, केपी ढौडियाल, राकेश मोहन बिष्ट, कृष्णानंद डिमरी, अजय, राजेश सेमवाल, श्यामलाल सुंदरियाल शामिल थे।