रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड विद्यालयी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के रविवार से शुरू हो रहे मूल्यांकन पर सीसीटीवी कैमरा की नजर रहेगी। जनपद में आदर्श राजकीय इंटर कालेज रुद्रप्रयाग व राजकीय इंटर कालेज अगस्त्यमुनि में बोर्ड कापियों की जांच होनी है। विभाग की ओर से दोनों केंद्रों पर निर्देशानुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी चित्रानंद काला ने बताया कि बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 15 अप्रैल तक होगा। इस दौरान प्रात: 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक दोनों केंद्रों पर तैनात शिक्षकों द्वारा हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। बताया कि मूल्यांकन की प्रतिदिन की रिपोर्ट विद्यालयी शिक्षा सचिव व निदेशालय को प्रेषित की जाएगी।