रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक की बच्छणस्यूं पट्टी की ग्राम पंचायत नवासू में आराध्य देवी मां हरियाली की नौ दिवसीय जात आगामी 19 दिसंबर से शुरू होगी। आयोजन के लिए समिति का गठन कर पूर्व प्रधान सुरजीत सिंह रौथाण को अध्यक्ष, बीरेंद्र सिंह रौथाण को कोषाध्यक्ष और धीरेंद्र सिंह रौथाण को मंत्री चुना गया है। गांव के वरिष्ठ नागरिकों को संरक्षक बनाया गया है। महिला और युवक मंगल दल को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
12 वर्ष के बाद आयोजित होने वाले इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उल्लास है। हरियाली देवी की जात में विशेष रूप से ध्याणियों (विवाहिता बेटी व बहन) को न्योता दिया जाता है। आयोजन के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। समिति के अध्यक्ष एसएस रौथाण ने बताया कि मंदिर परिसर को समतल किया जा रहा है। साथ ही मंदिर के दाएं, बाएं और ठीक सामने की तरफ श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। नौ दिवसीय जात के शुभारंभ पर 19 दिसंबर को मां हरियाली की भव्य मूर्ति व निषाण के साथ देवी-देवता संगम स्नान करेंगे। इसके उपरांत मंदिर में 28 दिसंबर तक दोपहर और रात्रि को देव नृत्य व देवी पाठ का आयोजन होगा। प्रवासी ग्रामीणों को आयोजन में शामिल होने के लिए समिति द्वारा निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।
विदित हो कि वर्ष 1996 में नवासू गांव में हरियाली देवी मंदिर में पहली बार हरियाली जात का आयोजन किया गया था। इसके बाद वर्ष 2006 में आयोजन हुआ। इधर, गांव के मध्य में स्थित कालिंका मंदिर में भी दो दिवसीय विशेष देवी पूजन अनुष्ठान आगामी एक-दो दिसंबर को होगा। समिति के मंत्री धीरेंद्र सिंह रौथाण ने ग्रामीणों ने जात व देवी अनुष्ठान की तैयारियों में सहयोग की अपील की है।