अब तक 4732 श्रद्धालुओं ने लिया अभियान में हिस्सा
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में सूखे कूड़े के प्रभावी प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के लिए संचालित कैरी मी बैक अभियान के तहत अब तक 12 टन सूखा कूड़ा केदारनाथ से गौरीकुंड लाया जा चुका है। अभियान में 4732 श्रद्धालुओं ने सहभागिता की है।
नगर पंचायत केदारनाथ की ओर से हीलिंग हिमालयास फाउंडेशन और सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम में विशेष बैग दिए जाते हैं जिनमें वे करीब चार से पांच किलोग्राम सूखा कूड़ा एकत्र कर अपने साथ गौरीकुंड तक लाते हैं। इसमें मुख्य रूप से प्लास्टिक बोतलें, रैपर, पैकेजिंग सामग्री और अन्य सूखा अपशिष्ट शामिल है। हीलिंग हिमालयास फाउंडेशन की ओर से बैग उपलब्ध कराने और गौरीकुंड में कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था की जा रही है। सुलभ इंटरनेशनल की ओर से कूड़े के परिवहन और वैज्ञानिक तरीके से अंतिम निस्तारण की जिम्मेदारी निभाई जा रही है। नगर पंचायत केदारनाथ के अधिशासी अधिकारी नीरज कुकरेती ने बताया कि यात्रा अवधि में अभियान जारी रहेगा। श्रद्धालुओं की सहभागिता से केदारनाथ धाम को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।