रुद्रप्रयाग। राज्य में एएलबीआर (आधार लिंक बर्थ रजिस्ट्रेशन) करने वाला रुद्रप्रयाग पहला जनपद बनने जा रहा है। जिला अस्पताल व सीएचसी अगस्त्यमुनि में जन्म लेने वाले बच्चों को पैदा होने के कुछ समय में उन्हें यूआईडी प्रदान की जाएगी। सुविधा से जन्म-मृत्यु दर व स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के लिए नवजात से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सरोज नैथानी ने जनपद में नवजात और संबंधित माताओं को स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों की योजनाओं से लाभान्वित करने और नवजात के जन्म के सही आंकड़ों को जुटाने के लिए हरियाणा की तर्ज पर एएलबीआर शुरू करने को लेकर एक प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय व शासन को भेजा था। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने प्रस्ताव को संस्तुति प्रदान कर दी है। विधायक भरत सिंह चौधरी ने भी हरसंभव सहयोग के लिए कहा है। इसके अलावा आधार कार्ड बनाने वाली संस्था के राज्य स्तरीय अधिकारियों ने भी जिला चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एएलबीआर के लिए सहमति दे दी है। विभागीय स्तर पर जिला अस्पताल और सीएचसी अगस्त्यमुनि में एएलबीआर के लिए प्रारंभिक चरण में एक-एक टैबलेट, आधार कार्ड पंजीकरण केंद्र संचालक से नर्स व स्टाफ को प्रशिक्षण की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी माह एएलबीआर शुरू हो जाएगा।
नवजात के लिए स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का ज्यादा लाभ संबंधित लोगों को मिले। इसके लिए एएलबीआर का निर्णय लिया गया है। व्यवस्था संचालन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। प्रयास किए जा रहे हैं इस माह से किसी भी कार्यदिवस पर शुभारंभ कर दिया जाए।
- डा. सरोज नैथानी, मुख्य चिकित्साधिकारी रुद्रप्रयाग