रुद्रप्रयाग। प्रदेश सरकार कृषि बागवानी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसानों को डीलिट की उपाधि प्रदान करेगी। रुद्रप्रयाग के भटवाड़ीसैंण में जिला भेषज विकास संघ की ओर से स्थापित ऑफसेट प्रिंटिंग प्रेस के शुभारंभ के मौके पर पहुंचे सहकारिता एवं उच्च शिक्षा मंत्री डा. रावत ने यह जानकारी दी। इसके दौरान उन्होंने जिले में दो हजार लीटर प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन होने पर दुग्ध संघ का गठन किए जाने की बात कही।
शनिवार को ऑफसेट प्रिंटिंग प्रेस का शुभारंभ करते हुए सहकारिता एवं उच्च शिक्षा मंत्री डा. रावत ने कहा कि सहकारिता विभाग में सरकारी हस्तक्षेप शून्य कर सरकार लोगों को रोजगार मुहैया करा रही है। 10 हजार लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। साथ ही प्रदेश के 5 किसानों को चयनित कर डीलिट की उपाधी से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने पालाकुराली, उच्छना, उरोली व रेंगड की दुग्ध समितियों के 15 लाभार्थियों को 4040 रुपये प्रति लाभार्थी के हिसाब से गंगा गाय योजना में पशुचारा व यातायात के लिए 60600 रुपये के चेक प्रदान किया। कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सहकारिता विभाग में पारदर्शिता के लिए कंप्यूटराइजेशन एवं पांच वर्ष में ऑडिट का प्राविधान कर रही है। साथ ही डेयरी विभाग के सचिवों को 50 पैसा प्रति लीटर की दर से प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। उन्होंने विधायक भरत सिंह चौधरी की ओर से जनपद के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कालेज को ई-लर्निंग से जोड़ने के लिए आभार जताया। बताया कि 28 फरवरी को श्रीनगर में आयोजित पुस्तक मेले में महामहिम राज्यपाल की ओर से विधायक चौधरी को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर विधायक चौधरी ने बताया कि जनपद को जल्द अपना सहकारी बैंक भी मिल जाएगा। आरबीआई की ओर से स्वीकृति की सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं। भेषज संघ के सचिव वाचस्पति सेमवाल के संचालन में हुए कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, नगर पंचायत अध्यक्ष अगस्त्यमुनि अशोक खत्री, केदारनाथ नपं के अध्यक्ष देव प्रकाश सेमवाल, संघ के अध्यक्ष कपूर सिंह रावत, डीएम मंगेश घिल्डियाल, पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा, एसडीएम सदर देवानंद, सीओ श्रीधर बडोला, महाप्रबंधक उद्योग पीएस सजवाण, महामंत्री अजय सेमवाल, नगर अध्यक्ष सुनील नौटियाल, दिनेश बगवाड़ी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।