रुद्रप्रयाग। जनपद में साहसिक व जल खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग की ओर से पपडासू अलकनंदा नदी में तीन दिवसीय जल क्रीड़ा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। पहले दिन 50 पर्यटकों सहित 120 लोगों ने प्रदर्शनी में प्रतिभाग कर जल खेलों के उपकरणों की जानकारी प्राप्त की।
अलकनंदा नदी पर आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि साहसिक व जल खेलों को करियर के रूप में लेकर युवाओं को आगे आना चाहिए। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जल खेलों का विशेष महत्व है। इस तरह के आयोजन साहसिक व जल खेलों के विकास में लाभकारी हो सकते हैं। कहा कि स्थानीय युवाओं को आगे आकर इन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना चाहिए। विधायक ने कहा कि बीते माह भी विभाग की ओर से पांच दिवसीय प्रशिक्षण/डेमोस्ट्रेशन किया गया है। कहा प्रदेश सरकार साहसिक खेलों के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इस मौके पर जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने कहा कि तीन दिवसीय वाटर स्पोर्ट्स शो में जल क्रीड़ाओं और उपयोग होने वाले उपकरणों के बारे में बताया जाएगा। इस दौरान कोई भी इच्छुक पर्यटक या खिलाड़ी नि:शुल्क इन उपकरणों की जानकारी लेकर इनका आनंद ले सकता है। बताया कि प्रदर्शनी में पावर वोट, जेट वोट, बनाना वोट, सरफिंग वोट आदि का प्रदर्शन किया जा रहा है। पहले दिन सबसे कम उम्र के एवरेस्ट फतह करने वाले अर्जुन सिंह, सतपाल कठैत व पूर्व में प्रशिक्षित छात्रों ने पर्यटकों को जलक्रीड़ाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।