ऊखीमठ। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली के दर्शनों को रविवार को भनकुन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। इस मौके पर आराध्य की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सोमवार को तृतीय केदार अपने शीतकालीन गद्दी स्थल मार्कंडेय मंदिर मक्कूमठ में विराजमान हो जाएंगे, जहां शीतकाल के छह माह की पूजा होगी।
रविवार को भनकुन में मठापति राम प्रसाद मैठाणी के हाथों पुजारी मुकेश मैठाणी, चंद्रबल्लभ मैठाणी ने भगवान तुंगनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद आराध्य को भोग लगाया गया। यहां दिनभर दर्शनों के लिए ग्रामीण परिवार सहित पहुंचते रहे। मंदिर समिति के प्रबंधक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि सोमवार को भनकुन से भगवान की डोली प्रस्थान करेगी और प्रात: 11 बजे शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ पहुंचेगी। विशेष पूजा-अर्चना व भोग लगाने के बाद तुंगनाथ भगवान की भोग मूर्ति को मार्कंडेय मंदिर के गर्भगृह में प्रतिष्ठापित किया जाएगा। यहां मंदिर में ग्रामीणों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ब्यूरो