रुद्रप्रयाग। औ मेरी दिया त्रियुगीनारायणा हे.. त्रियुगीनारायण दिया को दुल्हया हे.. औ मेरी दिया वरमाला लेकी हे, लाड़ी गौरा न शिवजी तै बरमाला पहनाई। इस पारंपरिक मांगल गीत के साथ भगवान शिव-पार्वती की विवाह स्थली त्रियुगीनारायण में एक विवाह आयोजन के दौरान तैयार की गई पहली लघु डॉक्यूमेंट्री फिल्म को लांच किया गया है। इसे यू-ट्यूब पर दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है।
19 मार्च को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में घोषित करने के कुछ ही दिन बाद दुबई में रहने वाले कुमाऊं के दो परिवारों ने अपने बेटे-बेटी का विवाह त्रियुगीनारायण मंदिर में करवाया था। विवाह में सभी व्यवस्थाएं गढ़माटी टीम द्वारा की गई थी। इसी विवाह पर आधारित यहां की पहली लघु डॉक्यूमेंट्री फिल्म (वीडियो) तैयार की गई, जिसे बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर लांच किया गया। वीडियो में टीम की सहयोगी महिला नव जागरण समिति अध्यक्ष शशि रतूड़ी व अन्य महिलाओं द्वारा गए पारंपरिक मांगल गीतों के साथ मंदिर में विवाह होता दिखाया गया है। साथ ही मंदिर के पुजारियों द्वारा यहां की धार्मिक महिमा, अखंड ज्योति व भगवान के बामन अवतार के बारे में बताया गया है। विवाह बंधन में बंधे नव दंपति ने भी इस स्थान को भव्य व सुंदर बताया है। कुछ दिन पहले प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे आकाश और हीरा व्यापारी रसेल मेहता की बेटी श्लोका के त्रियुगीनारायण में शादी होने की संभावनाओं ने इस धार्मिक स्थान को देश-दुनिया में सुर्खियों में ला दिया है। इधर, गढ़माटी संस्थापक व वेडिंग प्लानर रंजना रावत के अनुसार त्रियुगीनारायण में विवाह आयोजन के माध्यम से लोक परंपराओं व रीति-रीवाजों के प्रचार-प्रसार के साथ स्थानीय को रोजगार भी मिलेगा। पांडवाज के सलिल डोभाल के अनुसार त्रियुगीनारायण के प्रचार-प्रसार को लेकर चार लघु फिल्में जल्द लांच की जाएंगी।