रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लाक के त्यूंखर गांव वायरल की चपेट में है। अधिकांश परिवारों में बच्चों से लेकर बड़े वायरल के प्रकोप से बेहाल हैं। जबकि सात वर्षीय एक बच्ची की पांच दिन पहले मौत हो गई। जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग से गांवों में चिकित्सकीय दल भेजने की मांग की है।
क्षेत्र सहित जनपद के अन्य गांवों में भी करीब एक माह से वायरल व स्क्रब टायफस के प्रकोप से लोग पीड़ित हैं। त्यूंखर निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता रामरतन सिंह पंवार और ग्राम प्रधान विक्रम लाल का कहना है कि पांच दिन पूर्व गांव में शिव सिंह की 7 वर्षीय पुत्री साक्षी की तेज बुखार से घर में ही मौत हो गई। जबकि बलवंत सिंह पुत्र इंद्र सिंह को रुद्रप्रयाग से श्रीनगर व देहरादून के बाद दिल्ली राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तीन दिन पूर्व करन सिंह पुत्र भरत सिंह को देहरादून रेफर किया गया है। गांव के कृष्णा, मिष्टी, परी और वंदना आदि बच्चे तेज बुखार से बेहाल हैं। परिजनों द्वारा उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर ले जाया गया है। जबकि गांव के त्रिलोक सिंह पुत्र शूरबीर सिंह को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है। बताया कि सीएचसी जखोली में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था नहीं होने से तीमारदार परेशान हैं। विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी गांव में चिकित्सकीय दल नहीं पहुंचा है। जखोली ब्लाक सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी वायरल का प्रकोप बना हुआ है। इधर, जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में वायरल से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बीते 15 दिनों से यहां प्रतिदिन ओपीडी 350 के करीब पहुंच रही है, जिसमें 45 से 55 फीसदी बुखार के पीड़ित पहुंच रहे हैं। डा. राजीव गैरोला ने बताया कि स्क्रब टायफस (धान के खेतों में मरे चूहों के कीटाणु के हवा में फैलने) के कारण बुखार का प्रकोप इस बार अधिक बढ़ा है, जो अभी कुछ दिन तक बना रहेगा।
....................
जखोली के त्यूंखर गांव में वायरल से बच्ची की मौत सहित अन्य बीमार लोगों के अन्य भर्ती मरीजों की सूचना जिला मुख्यालय को नहीं देना गंभीर लापरवाही है। संबंधित सब सेंटर के स्टाफ और आशा से जानकारी ली जाएगी। मंगलवार सुबह गांव में चिकित्सकीय टीम भेज दी जाएगी।
-- डा. सरोज नैथानी, सीएमओ रुद्रपय्रयाग