रुद्रप्रयाग। केदारनाथ फिल्म के टीजर व प्रोमो पर विवाद बढ़ने लगा है। सतेराखाल में स्थानीय लोगों ने फिल्म का पोस्टर जलाते हुए निर्देशक व नायक-नायिका के पुतले भी फूंके। उन्होंने फिल्म से आपत्तिजनक सीन हटाने की मांग की।
शुक्रवार को यहां बाजार में स्थानीय लोगों ने फिल्म के टीजर में दर्शाए गए कुछ दृश्यों को लेकर रोष जताते हुए फिल्म का पोस्टर जलाया। फिल्म के निर्देशक व कलाकारों पुतला जलाया। कहना है कि फिल्म के टीजर में जो दिखाया गया है वह देवभूमि व केदारनाथ की आस्था के साथ खिलवाड़ है। फिल्म देवभूमि व केदारनाथ की रिति नीति के बिल्कुल उलट है। टीजर देखने से प्रतीत होता है कि फिल्म बनाने वालों ने हिंदू धर्म की आस्था व स्थानीय जनभावनाओं का अपमान किया है। विरोध करने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता गंभीर बिष्ट, मोहन सिंह सजवाण, गोपाल सिंह, दयाल सिंह, विक्रम सिंह, विजय सिंह, मोहन सिंह बुटोला, चरण सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे। दूसरी तरफ केदारघाटी में भी फिल्म के टीजर को लेकर विरोध तेज हो गया है।