रुद्रप्रयाग। पेयजल किल्लत झेल रहे जखोली ब्लाक के 50 से अधिक गांवों की अब प्यास बुझ सकेगी। इन गांवों के लिए स्वीकृत निर्माणाधीन जवाड़ी-रौठिया पेयजल योजना का निर्माण पूरा होने की उम्मीद जगी है। उत्तराखंड जल निगम द्वारा शासन को भेजे गई 1244 लाख के रिवाइज स्टीमेट को स्वीकृति मिल गई है। योजना के तहत दूसरे फेज में होने वाले निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगामी सितंबर माह से कार्य शुरू हो जाएगा।
वर्ष 2006-07 में जखोली के पेयजल संकटग्रस्त गांवों को पर्याप्त पानी मुहैया कराने के लिए करीब 50 किमी लंबी पेयजल योजना जवाड़ी-रौठिया स्वीकृत की गई थी। वन अधिनियम सहित अन्य औपचारिकताओं को पूरा करते हुए योजना का कार्य 2011 में शुरू किया गया। पहले फेज में 12 करोड़ 96 लाख में 50 किमी लंबी पेयजल लाइन बिछाई गई। अब, दूसरे फेज में स्टोर टैंक का निर्माण, सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट और वितरण लाइन बिछाई जानी है। इस योजना से पहले फेज में शामिल जवाड़ी, रौठिया, दरमोला सहित 50 गांवों गांवों को पर्याप्त पानी मिलेगा। साथ ही योजना का विस्तार कर इसमें क्वीलाखाल, घेंघड़ सहित 20 और बस्तियों को भी जोड़ा जाएगा। योजना के लिए पहली किश्त में 4 करोड़ 71 लाख रुपये भी जारी कर दिए गए हैं। जलनिगम के ईई नवल कुमार ने बताया कि शासन से रिवाइज स्टीमेट को स्वीकृति मिल चुकी है। पहली किश्त मिल चुकी है। कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।