रुद्रप्रयाग। गुलाबराय मैदान में पांच दिवसीय रुद्रनाथ महोत्सव की आखिरी शाम जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल और पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा के नाम रही। इन अधिकारियों ने गढ़वाली व हिंदी गीतों की प्रस्तुतियों से मेलार्थियों का खूब मनोरंजन किया। डीएम ने लोकभाषा के संरक्षण पर भी जोर दिया। इस मौके पर महोत्सव में रुद्रकंठ, रुद्रनट और रुद्र रत्न भी पुरस्कृत किए गए।
मंगलवार को महोत्सव के अंतिम सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से की। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन व संचालन के लिए नगर पालिका व कार्यकर्ताओं को बधाई दी। कहा कि इस आयोजन से रुद्रप्रयाग की प्रतिभाओं को आगे लाने में मदद मिलेगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में पांडवाज ग्रुप के कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी गीतों की प्रस्तुतियों से खूब मनोरंजन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी घिल्डियाल ने ठंडो रे ठंडो, मेरा पहाड़ की हवा ठंडी, लिखे जो खत तुझे वो तेरी याद में, आज मौसम बड़ा बेईमान है..जैसे गीतों की प्रस्तुति से सबको अपना मुरीद बना दिया। पुलिस अधीक्षक मीणा ने हर्षू मामा, ऐ मेरे हम सफर, इक जरा इंतजार...सुन सदाएं दे रही हैं, मंजिल प्यार की गीत गाया तो मेलार्थी अपनी जगहों पर झूमने लगे। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष नौटियाल ने कहा कि भविष्य में महोत्सव को और वृहद स्तर पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान डीएम की पत्नी ऊषा घिल्डियाल सहित रंगकर्मी प्रेम मोहन डोभाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष देवेंद्र झिक्वांण, सभासद संतोष रावत, पंकज बुटोला, दीपांशु भट्ट, अशोक चौधरी, जोत सिंह बिष्ट, सुशीला बिष्ट, सलिल डोभाल, कुणाल डोभाल व ईशान डोभाल, कोतवाली प्रभारी केएस बिष्ट सहित अन्य मौजूद थे।
यूथ आईकॉन बने राकेश बिष्ट
स्वरोजगार के क्षेत्र में खास पहचान बना चुके जयमंडी गांव के राकेश बिष्ट को रुद्रप्रयाग यूथ आइकॉन अवार्ड से नवाजा गया। बिष्ट, साग-भाजी सहित फूल, फल, मत्स्य पालन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। डीएम ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
अमन रुद्रकंठ, ऋषम बने रुद्रनट
रुद्रनाथ महोत्सव में पांडवाज की ओर से गायन, नृत्य-अभिनय व सामाजिक कार्यों में सक्रियता को लेकर आयोजित रुद्रकंठ, रुद्रनट और रुद्र रत्न प्रतियोगिता में स्थानीय प्रतिभाओं सहित चमोली, श्रीनगर, पौड़ी और देहरादून के 72 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। फाइनल राउंड में टॉप फोर के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। इसमें अमन धनाई रुद्रकंठ और ऋषभ गिरी रुद्रनट बने। जबकि रुद्ररत्न सीनियर वर्ग में पांडवाज ग्रुप और जूनियर वर्ग में खृष्ट ज्योति पब्लिक स्कूल के छात्र शुभम काला को सम्मानित किया गया। पालिकाध्यक्ष राकेश नौटियाल सहित मुख्य अतिथियों ने विजेताओं को ट्राफी भेंट कर सम्मानित किया। मेला कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अरुण प्रकाश वाजपेयी व ओम प्रकाश सेमवाल को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट किया गया।