अगस्त्यमुनि ब्लाक के धनपुर पट्टी क्षेत्र को जोड़ने वाला रैंतोली-जसोली मोटर मार्ग दस दिन से बंद है। मार्ग बंद होने से क्षेत्र के आठ से अधिक गांवों के लोग मीलों पैदल चल रहे हैं।
ग्राम पंचायत पीड़ा, चिनग्वाड़, बीरों, लोली सहित आठ ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाले रैंतोली-जसोली मार्ग एडीबी व लोनिवि के अधीन हैं। मार्ग पर 2014 से सुधारीकरण कार्य चल रहा है लेकिन बीते दिनों हुई बारिश से मार्ग बंद पड़ा है। शुरू से ही पुश्ता ढहने, भूस्खलन व मलबे से सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है। जबकि 16 किमी से आगे भी मार्ग बंद पड़ा है।
दूसरी तरफ, तूना-बौंठा मोटर मार्ग भी भूधंसाव और मलबा आने से कई स्थानों पर बाधित है। मार्गों की बहाली की मांग को लेकर धनपुर विकास संघर्ष समिति के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने डीएम से भेंट की।
बताया कि, रैंतोली-जसोली मार्ग पर एडीबी व लोनिवि द्वारा किए जा रहे सुधारीकरण कार्य से सुधार के बजाय नुकसान हो रहा है। उन्होंने डीएम से सड़क के निरीक्षण की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के अध्यक्ष राय सिंह बिष्ट, प्रह्लाद सिंह, राजेंद्र सिंह, जगदीश सिंह, देवेंद्र सिंह, धर्म सिंह, सुनीता देवी, प्यारी देवी आदि थे। इधर, जिलाधिकारी डा. राघव लंगर ने लोक निर्माण विभाग और एडीबी के अधिकारियों से सड़क के बारे में जानकारी ली और तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।