भगवानपुर और नारसन विकासखंड में युवा कल्याण विभाग की ओर से युवा महोत्सव के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। भगवानपुर में 24 अक्तूबर को बहबलपुर स्थित श्री प्रभु ग्रीन विले चिल्ड्रन एकेडमी में प्रतियोगिता आयोजित होगी जबकि नारसन में 27 अक्तूबर को विकासखंड के मीटिंग हॉल में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विक्रांत चौधरी ने बताया कि भगवानपुर में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, एकल लोकनृत्य, एकल लोकगीत, पोस्टर निर्माण और भाषण सहित नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। उन्होंने युवाओं, युवा मंगल दलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि रखने वालों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की।
वहीं, नारसन में आयोजित होने वाले महोत्सव में 15 से 29 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। कार्यक्रम विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत आयोजित किया जा रहा है। इच्छुक प्रतिभागियों और टीमों के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। प्रतिभागियों को 27 अक्तूबर को सुबह 10 बजे तक पहुंचना होगा। साथ में आधार कार्ड की छायाप्रति और आयु प्रमाणपत्र लाना भी जरूरी बताया गया है।
नारसन में लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन और एकल लोकगीत सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। टीमों को वाद्ययंत्रों की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। डीजे पर चलने वाले गानों की अनुमति नहीं होगी। बीओ पीआरडी नारसन अशोक कुमार ने विद्यालयों से इच्छुक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी जनपदस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे जो एक से पांच नवंबर के बीच प्रस्तावित है।