लक्सर में रिश्तेदारी से लौट रहे दो बाइक सवारों को लहबोली के पास बस ने टक्कर मार दी। बस की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गंभीर रूप से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम विनोद निवासी खड़ंजा अहमदपुर देवबंद अपने बहनोई बृजेश निवासी घुडचढ़ी देवबंद के साथ लक्सर से लौट रहा था। जैसे ही दोनों बाइक सवार लहबोली के पास पहुंचे तो सामने से आ रही बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने की कोशिश में उन्हें टक्कर मार दी। बस की टक्कर से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही विनोद ने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने विनोद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल बृजेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी। सोमवार को विनोद के भाई प्रमोद ने पुलिस को आरोपी बस चालक के खिलाफ तहरीर दी। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी रफत अली ने बताया कि तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है और आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।