कलियर में दरगाह क्षेत्र से दुकानों को कब्जा मुक्त करवाती प्रशासन की टीम व पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
कलियर दरगाह क्षेत्र की चार दुकानों को तहसील प्रशासन की टीम ने कब्जा मुक्त कराया। इसके बाद नीलामी प्रक्रिया के तहत यह दुकानें अन्य लोगों के सुपुर्द की गई है।
जानकारी के अनुसार, पिरान कलियर हज हाउस मार्ग पर दरगाह प्रशासन ने करीब एक साल पहले टीनशेड वाली चार दुकानों को टेंडर प्रक्रिया के तहत आवंटित कर दी थी, लेकिन तब पुराने कब्जाधारियों ने दुकानें खाली करने के बजाए कोर्ट की शरण ली थी। इसके बाद मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल के आदेश पर अपर तहसीलदार कृष्णानंद पंत के नेतृत्व में टीम उक्त दुकानें कब्जा मुक्त कराने पहुंची तो कब्जाधारियों ने इसका विरोध करते हुए न्यायालय के आदेशों का हवाला दिया। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने एक दिन का समय देते हुए आदेश दिखाने की बात कही थी, लेकिन कब्जाधारी वर्तमान का कोई ऐसा आदेश नहीं दिखा पाए। इसके चलते बुधवार को तहसील प्रशासन ने उक्त चारों दुकानों को खाली कराते हुए नीलामी प्रक्रिया के तहत दूसरे लोगों को आवंटित कर दी। अपर तहसीलदार कृष्णानंद पंत ने इसकी पुष्टि की है।