थाना क्षेत्र के भारूवाला गांव निवासी एक युवक ने पुरानी रंजिश के कारण उसपर और उसके भाई पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अनुज कुमार ने दी तहरीर में बताया कि उसकी लालचंदवाला गांव निवासी वंश और उसके साथियों से पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि 14 अप्रैल को वह अपने भाई चंद्रशेखर के साथ बादशाहपुर गांव से खेतों से बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक पंक्चर हो गई। इसपर उसने भाई को बाइक ठीक कराने के लिए डेरियों गांव भेज दिया और खुद पैदल चलने लगा।
इसी दौरान आरोप है कि लालचंदवाला निवासी वंश, महक सिंह, ललित और शाहपुर गांव निवासी सन्नी समेत कुछ अन्य लोग उसका पीछा करने लगे व उसे घेरने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए अनुज जंगल की ओर भागा। वहां आरोपियों ने उसपर तमंचे से फायरिंग की। पीड़ित का कहना है कि इसके बाद आरोपियों ने उसके भाई चंद्रशेखर को घेर लिया और उसपर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में चंद्रशेखर के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं। साथ ही उसके तीन दांत भी टूट गए। अनुज कुमार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी दिगपाल कोहली ने बताया कि मामले में चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।