रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली में स्मैक के साथ पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : ROORKEE
पुलिस ने क्षेत्र में स्मैक की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस ने हजारों की कीमत की स्मैक बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर की पुलिस ने नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए अभियान चला रखा है। शुक्रवार रात सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि वर्ल्ड बैंक कॉलोनी के पास एक युवक स्मैक की सप्लाई करने आ रहा है। एसआई अंकुर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 22.36 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि स्मैक के साथ सिराज निवासी बंदा रोड़, रुड़की को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि युवक के संपर्क में रहने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में एसआई अंकुर शर्मा, विपिन और रामबीर शामिल रहे।