रुड़की में अतिक्रमण हटाने के दौरान निगम की टीम से हुई नोकझोंक।
- फोटो : ROORKEE
नगर निगम और प्रशासनिक टीम ने एक बार फिर बीटी गंज बाजार में अतिक्रमण पर पीला पंजा चलाया। इस दौरान दुकानों के बाहर लगी रेलिंग और पक्के अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। अतिक्रमण के दौरान टीम की दुकानदारों से तीखी नोकझोंक भी हुई लेकिन प्रशासन ने सख्ती के साथ अभियान चलाया। वहीं, रेलवे स्टेशन रोड पर भी अतिक्रमण हटाकर सामान जब्त किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम, प्रशासन और पुलिस टीम ने 10 मई को बीटी गंज में अतिक्रमण हटवाया था। कुछ स्थानों पर पक्के अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया था लेकिन दस मई के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान पर विराम लग गया था। इस मामले में जिलाधिकारी से शिकायत की गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इस पर एक बार फिर नगर निगम, प्रशासन और पुलिस टीम ने बीटी गंज में अतिक्रमण पर कार्रवाई की। निगम ने सड़क किनारे रखे गए छह काउंटर हटाकर जब्त भी किए। साथ ही दुकानों के बाहर लगाई गई लोहे की रेलिंग को हटाया गया। वहीं कुछ दुकानों के बाहर किए गए पक्के अतिक्रमण को भी ध्वस्त किया गया। गणेशपुर पुल से लेकर रेलवे स्टेशन तक भी अतिक्रमण हटवाया गया। अभियान की भनक लगने पर कई रेहड़ी और काउंटर लगाने वाले मौके से सामान लेकर फरार हो गए। टीम को दुकानदारों के हल्के विरोध का सामना भी करना पड़ा। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार, नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह, सफाई निरीक्षक मृदुल कुमार, टैक्स इंस्पेक्टर रविंद्र पंवार समेत पुलिस भी मौजूद रही।
साप्ताहिक बंदी पर चलाया अभियान
साप्ताहिक बंदी के दिन नगर निगम ने अभियान चलाया। इससे जहां एक ओर निगम को ज्यादा विरोध नहीं झेलना पड़ा। वहीं दुकानों के बार किए गए रेलिंग के अतिक्रमण को आसानी से हटा दिया गया। ऐसे में कई लोग यह सवाल भी उठाते दिखे कि निगम प्रशासन जानबूझकर साप्ताहिक बंदी के दिन अभियान चला रहा है। कुछ लोगों ने इसे गलत भी बताया। वहीं सहायक नगर आयुक्त एसपी गुप्ता का कहना है कि दुकानों के बाहर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को ही हटाया जाएगा। साप्ताहिक बंदी के अलावा सामान्य दिनों में भी अभियान जारी रहेगा।
दो चरणों में चलाया गया अभियान
नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को लंबा अभियान चलाया। सुबह की शिफ्ट में टीम ने बीटी गंज और आसपास के बाजारों से अतिक्रमण हटाया। दोपहर बाद रेलवे स्टेशन रोड पर गणेशपुर पुल तक अभियान चलाया गया।