सिद्धार्थ एनक्लेव में जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। यही नहीं, कॉलोनी से होकर अपने आवास जा रहीं एमएनए की गाड़ी भी घेर ली। इसके बाद एमएनए ने जलभराव वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया। वहीं, बाद में महिलाओं के साथ कॉलोनी के लोग नगर निगम पहुंचे और वहां भी हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने मेयर और एमएनए के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में मेयर ने जल्द समस्या का समाधान कराने आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।
सिद्धार्थ एनक्लेव में पिछले कई दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। कॉलोनी के लोग कई बार शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से कर चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिल पाई है। बुधवार को एमएनए नूपुर वर्मा सिद्धार्थ एनक्लेव के सामने से होते हुए अपने आवास पर जा रही थीं। इसकी जानकारी कॉलोनी की महिलाओं को लगी तो उन्होंने एमएनए की गाड़ी को रोक लिया और जलभराव का समाधान नहीं होने पर जमकर हंगामा किया। इसके बाद एमएनए ने गाड़ी से उतरकर जलभराव वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद वह लौटने लगीं तो महिलाओं ने फिर उनकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया। अन्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद एमएनए वहां से रवाना हो पाईं। वहीं, इसके बाद कॉलोनीवासियों ने निगम पहुंचकर भी हंगामा किया।
--
मेयर को दिया ज्ञापन
सिद्धार्थ एनक्लेव के लोगों ने नगर निगम पहुंचकर मेयर गौरव गोयल को जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में जलभराव की समस्या से लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। मेयर ने आश्वासन दिया कि जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद धीराज सिंह, वरुण सिंह सैनी, गुलशन, उमेश, रघुनाथ, सीमा, सुधा, संगीता, सुधीर कुमार, विमलेश, फूलकली, पूर्णिमा, चंपा, कमला, रेखा, सुनीता, रचना, शिवानी, रीना, रानी, सरोज, पुष्पा, सुषमा, गीता, सरोज, प्रकाशवती, पीयूष जिदंल आदि शामिल थे।