ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अवर अभियंता के खिलाफ महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने व जबरन वसूली करने का आरोप लगाया है। लोगों ने थाने में तहरीर देकर जांच कर कानूनी कार्रवाई करने में बात कही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के खाताखेड़ी निवासी रिजवान आदि ग्रामीणों ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि क्षेत्र में स्थित अवर अभियंता जम्मल सिंह ने शुक्रवार को खाताखेड़ी गांव में छापे के नाम पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया है। ग्रामीणों ने अवर अभियंता पर तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर जबरन वसूली करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की है। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि अवर अभियंता के खिलाफ लगे आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है। उधर अवर अभियंता ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है।