कच्ची शराब बेचने और क्षेत्र का माहौल खराब करने से नाराज महिलाओं ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की है। गुस्साई महिलाओं ने कच्ची शराब बेच रहे तीन लोगों को धर दबोचा। इसमें से दो मौका पाकर फरार हो गए, जबकि एक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
झबरेड़ा क्षेत्र के बालूपुर गांव में लंबे समय से कच्ची शराब का धंधा चल रहा है। गांव और आसपास के तमाम बच्चे और युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। परेशान महिलाएं अब शराब के खिलाफ लामबंद हो गई हैं। दो दिन पहले महिलाओं ने कच्ची शराब बेच रहे तीन लोगों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया था, जिन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद मंगलवार को एकबार फिर महिलाएं एकजुट होकर बालूपुर गांव पहुंचीं और शराब के अवैध धंधे में लिप्त तीन आरोपियों को धर दबोचा।
महिलाओं का आरोप है कि पुलिस अवैध शराब के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई नहीं कर रही है, जिसके कारण क्षेत्र में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा भी नशे की चपेट में आ रहे हैं। महिलाओं में शर्मिला, पवित्रा, ज्ञानो आदि शामिल थीं।