बैंक में नकदी जमा कराने पहुंचे पेट्रोल पंप कारोबारी के बेटे से एक महिला ने अभद्रता कर दी। कारोबारी का बेटा खिड़की पर पैसे जमा करा रहा था। इसी दौरान एक महिला ने उसे जबरन वहां से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के आदर्शनगर निवासी मंयक शर्मा का पथरी रोड के पास पेट्रोल पंप है। उनका शहर के सिविल लाइंस स्थित एक बैंक में खाता है। मंगलवार सुबह कारोबारी का बेटा बैंक में नकदी जमा कराने गया था। मयंक अपना कैश जमा कराने लगा। इसी बीच पीछे खड़ी महिला ने उसे जबरन हटाने का प्रयास किया। जब कारोबारी के बेटे ने कहा कि वह रुपये जमा कराने के बाद हटेगा तो महिला ने अभद्रता कर दी और उसे लाइन से हटा दिया। इसका विरोध करने पर महिला हाथापाई पर उतारू हो गई। किसी तरह से मामला शांत कराया गया। इस दौरान मौके पर हंगामा हो गया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की तहरीर दी है। युवक ने पुलिस को बताया कि उसके साथ अभद्रता करने वाली महिला कारोबारी की बेटी है। सिविल लाइंस कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक अभिनव शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।