रुड़की। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने पुलिस को बयान देने से पहले ही दिल्ली के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला की बहन ने उसके पति पर जान से मारने की नीयत से पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था।
गाजियाबाद स्थित लोनी की संगम कॉलोनी निवासी आरती वर्मा ने 19 अक्तूबर को मंगलौर कोतवाली में केस दर्ज कराया था। आरती ने बताया था कि उनकी बहन प्रियंका ने एक साल पूर्व मंगलौर क्षेत्र के कुरड़ी गांव निवासी तबरेज से शादी की थी। दोनों ही मंगलौर क्षेत्र में किराये पर कमरा लेकर रह रहे थे। आरोप था कि चार अक्तूबर को तबरेज ने प्रियंका को जान से मारने की नीयत से पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी थी। वह बुरी तरह झुलस गई थीं। इस वह वह बहन को दिल्ली लेकर आई थीं और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। 20 अक्तूबर को पुलिस महिला के बयान लेने दिल्ली गई थी। यहां पता चला था कि महिला कोरोना पॉजिटिव है। इसके कारण बयान नहीं हो पाए थे। वहीं, बयान दर्ज करने से पहले ही महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार चौहान ने केस में हत्या की धारा भी बढ़ाई जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।