एक महिला को पूरे परिवार ने मिलकर पीट दिया। इससे महिला बुरी तरह घायल हो गई। महिला ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोतवाली पुलिस ने महिला के पति समेत पूरे परिवार को सबक सिखाया।
शनिवार को सिविल लाइंस कोतवाली में आदर्शनगर निवासी महिला अपने दुधमुंहे बच्चे को लेकर पहुंची। महिला के पैर में चप्पल भी नहीं थी। उसने कोतवाली में महिला पुलिस को बताया कि वह आदर्शनगर की रहने वाली है। सुबह के समय वह घर का काम कर रही थी। उसे अपने बच्चे को भी खुद ही संभालना पड़ता है। ऐसे में किसी बात को लेकर पति ने उसे बुलाया और दो मिनट की देरी होने पर पीट दिया।
यही नहीं, इसके बाद उसकी सास ने भी पीटा। जब उसने इसका विरोध जताया तो बीच में उसके जीजा भी आ गए और उसने भी महिला की पिटाई कर दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गई। रोते बिलखते महिला ने बताया कि आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट की जाती है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आदर्शनगर निवासी पूरे परिवार को कोतवाली बुला लिया। इस दौरान पुलिस ने महिला के पति को जमकर खरीखोटी सुनाई। उसे खूब सबक सिखाया। वहीं कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। इस मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।