रुड़की। प्रेमिका के चक्कर में एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। विरोध करने पर पत्नी को घायल हालत में छोड़कर आरोपी पति फरार हो गया। पीड़िता ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती निवासी युवक की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। कुछ समय पहले युवक की एक युवती से नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों के बीच फोन पर लंबी बातचीत और मुलाकातें होने लगीं। जब पत्नी को पति के इस प्रेम संबंध की जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया और युवती के घर जाकर बात करने की बात कही। इस पर पति आगबबूला हो गया और पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना के बाद घायल महिला ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी पति की तलाश में जुटी है।