रुड़की। रोडवेज अड्डे में प्रवेश पर लगने वाला पार्किंग शुल्क और अन्य राज्यों की बसों के लिए तय की गई सीमित संख्या से बचने के लिए लंबे समय से विभिन्न राज्यों की परिवहन निगम और निजी बसें रुड़की रोडवेज बस अड्डे के अंदर न जाकर जादूगर रोड से होकर हाईवे पर निकलती रही हैं।
बसों के बाईपास होने से निगम को रोजाना राजस्व का नुकसान झेलना पड़ रहा था। साथ ही जादूगर रोड व हाईवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रहती थी। लगातार लग रहे जाम से परेशान स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन से शिकायत की। रुड़की डिपो में तैनात एजीएम अमिता सैनी ने भी इस मुद्दे को प्रशासन के सामने रखा था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने रविवार को कार्रवाई की। जहां जादूगर रोड पर जाने वाले दोनों रास्तों पर होमगार्डों की तैनाती कर दी गई है। अब जो बसें इस मार्ग से होकर गुजरने की कोशिश करेंगी। उन्हें तुरंत लौटा दिया जा रहा है।
अब कोई भी बस जादूगर रोड से घूमकर नहीं आ पाएगी। नियमों का पालन न करने वाली बसों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।- संदीप नेगी ट्रैफिक इंस्पेक्टर