रुड़की। एक युवक ने अवैध रूप से शराब बेच रहे व्यक्ति को रोका तो उसने साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर दी। आरोप है कि उक्त लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा निवासी नितिन शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार रात एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा था। इससे लोगों की भीड़ लग रही थी और माहौल खराब हो रहा था। उन्होंने उक्त व्यक्ति को शराब बेचने मना किया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह अपने साथियों को साथ लेकर घर में घुस आया और मारपीट कर दी। आरोप है कि उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। परिजनों ने उन्हें अस्पताल ले जाकर उपचार दिलवाया। शनिवार को युवक ने परिजनों संग कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचने का काम करता है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।