सुल्तानपुर क्षेत्र के फतवा गांव में सड़क पर भरा पानी।
- फोटो : ROORKEE
फतवा गांव के बीच से होकर गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर करीब छह महीने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इससे ग्रामीणों को जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से समस्या का समाधान कराए जाने की मांग लगातार की जा रही है लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है।
सुल्तानपुर क्षेत्र के भिक्कमपुर-जीतपुर, रणजीतपुर-जसपुर, रामपुर रायघटी, बाक्करपुर, अलावलपुर, खानपुर-ब्रह्मपुर, कंकरखाता, निरंजनपुर आदि गांवों का मुख्य मार्ग फतवा गांव के बीच से होकर गुजरता है। फतवा गांव मार्ग के किनारे पानी निकासी के लिए नाला नहीं होने से करीब छह महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीण मदन सैनी, अर्जुन सिंह, मनोज कुमार, पंकज कुमार, संतराम, सत्यपाल, मांगेराम, सोमवीर, बलजीत सिंह का कहना है कि गांव के बीच हो रहा जलभराव बड़ी समस्या है। सड़क के किनारे नाला नहीं होने से घरों से निकलने वाला दूषित पानी मार्ग पर इकट्ठा हो रहा है। बरसात होने पर यह मार्ग पानी से लबालब भर जाता है। इस मार्ग से प्रतिदिन क्षेत्र के हजारों लोग जलभराव से होकर गुजर रहे हैं। दुपहिया वाहन सवार आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए जनप्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से लगातार मांग की जा रही है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उधर, लोक निर्माण विभाग के जेई रविंद्र कुमार का कहना है कि भोगपुर से रायसी जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। जल्द ही फतवा गांव के बीच भी सड़क के किनारे नाला का निर्माण कार्य कराकर पानी की निकासी करा दी जाएगी।