रुड़की। उत्तराखंड किसान मोर्चा की बैठक में किसानों के बकाया गन्ना भुगतान न किए जाने पर नाराजगी जताई गई। साथ ही जल्द ही भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
रविवार को प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गुलशन रोड़ ने कहा कि कोरोना काल में पूरा देश आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। ऐसे में किसानों को भी परेशानी हो रही है। किसानों को अपनी फसलों को तैयार करने के लिए पैसे की जरूरत है, लेकिन अभी तक सरकार ने बकाया गन्ना भुगतान और गेहूं का पूरा भुगतान नहीं किया है। उन्होंने कहा कि इकबालपुर चीनी मिल पर पिछले दो वर्षों का बकाया गन्ना भुगतान है, लेकिन वह भुगतान नहीं कर रही है। चौधरी गुलशन रोड़ ने कहा कि अगर जल्दी भुगतान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। चौधरी महकार सिंह ने कहा कि किसान टीकाकरण अवश्य कराएं ताकि कोरोना से जान का खतरा न हो। बैठक में सीमर आलम, वीरेंद्र सैनी, राजपाल सिंह, चौधरी धर्मेंद्र, आकिल हसन, राजकुमार, पप्पू भाटिया और रविंद्र त्यागी आदि मौजूद रहे।