रुड़की सिविल अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए लगी मरीजों की लाइन।
- फोटो : ROORKEE
कुछ समय से वायरल फीवर के बढ़ते प्रकोप के चलते सिविल अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ने लगी है। रविवार के अवकाश के बाद खुले अस्पताल में सोमवार को पर्चा बनवाने से लेकर ओपीडी में डॉक्टरों के कक्ष और जांच करवाने के लिए पैथोलॉजी लैब के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। एक दिन में अस्पताल में 385 मरीजों ने पर्चा बनवाया।
कुछ दिन से निकल रही तेज धूप के साथ ही चल रही हवा ने मौसम का मिजाज बिगाड़ दिया है। इस समय लोग ठंड को लेकर थोड़े लापरवाह हो जाते हैं। ऐेसे में मौसम में हो रहे परिवर्तन के चलते वायरल का प्रकोप बढ़ने लगा है। इससे सिविल अस्पताल में मरीजों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। वहीं, इस समय कोरोना का कहर भी कम हो गया है। ऐसे में सामान्य बीमारियों के मरीज दोबारा अस्पताल पहुंचने लगे हैं। रविवार को अवकाश के चलते सोमवार को सिविल अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ी।
पर्ची बनवाने के लिए सुबह ही काउंटर पर लंबी लाइन लग गई थी। दोपहर तक पर्चा बनवाने के लिए कतार लगी रही। ओपीडी में डॉक्टरों के कमरों के सामने भी मरीजों की भीड़ रही। दवाई लेने वाले काउंटर से लेकर पैथोलॉजी लैब पर भी मरीज खड़े थे। वहीं, अस्पताल में गर्भवती महिलाओं का प्रसव भी शुरू हो गया है। ऐसे में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सीएमएस डॉ संजय कंसल ने बताया कि फिलहाल मौसम बदल रहा है। ऐसे में मौसमी बीमारियां पनपने लगी हैं। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में करीब 385 मरीजों को देखा गया।