लक्सर बाजार में खरीदारी करने आए अब्दुल रहीमपुर गांव निवासी आफिस अली और हारुन पर खडंजा कुतुबपुर गांव निवासी अजमल व दानिश ने अपने साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अब्दुल रहीमपुर गांव निवासी आसिफ अली ने तहरीर में बताया कि 20 मई को वह अपने साथी हारुन के साथ लक्सर बाजार में सामान खरीदने आया था। वापसी में वह जब बालावाली तिराहे के पास पहुंचे तभी यहां पहले से घात लगाकर खड़े अजमल व दानिश निवासी खड़ंजा कुतुबुपर ने अपने अज्ञात साथियों के साथ उन पर लाठी-डंडे और बलकटी से हमला कर दिया। इससे उसके हाथ की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। हारुन को भी चोट आई। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।