लक्सर। मुंडाखेड़ा कलां गांव में खेत में संरक्षित पशु के कटान के जानकारी पर ग्रामीणों ने खेत में मौजूद लोगों को घेर लिया। अंधेरे का लाभ उठाकर आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से 150 किलो से अधिक प्रतिबंधित मांस और एक जीवित पशु बरामद किया। अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की रात करीब 11 बजे कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कलां गांव में ग्रामीण खेत के समीप से गुजर रहे थे। उनकी नजर खेत में टॉर्च पर पड़ी तो बदमाश होने के संदेह में उन्होंने शोर मचा दिया। इस पर आसपास के ग्रामीण भी एकत्रित होकर मौके पर आ गए। सूचना पर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ली, लेकिन खेत में मौजूद संदिग्ध अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले।
मौके पर एक जीवित संरक्षित पशु, 150 किलो से अधिक प्रतिबंधित मांस, धारदार हथियार आदि बरामद हुए। पशु चिकित्सक से मांस का नमूना जांच के लिए भिजवाने के बाद शेष मांस को निस्तारित करा दिया गया। जीवित पशु को गोशाला भेजा गया है। मामले में अपर उपनिरीक्षक रंजीत नौटियाल की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत लक्सर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।