अतिक्रमण अभियान समाप्त होते ही फिर से सड़क पर हो गया कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने मद्देनजर नगर निगम सप्ताह में दो दिन बिना शेड्यूल के अलग-अलग हिस्सों में अभियान चलाएगा। बता दें कि डीएम के आदेश पर तैयार किए गए रोस्टर के तहत नगर निगम ने 28 नवंबर से लेकर 12 दिसंबर तक अतिक्रमण अभियान को पूरा कर लिया है।
एक दिन पहले रोस्टर के तहत संपन्न हुए अतिक्रमण अभियान के बाद अब फिर से जगह-जगह अतिक्रमण पांव पसारने लगा है। बीते दिनों अभियान के दौरान भी यह देखने में आया कि नगर निगम ने जिन जगहों से अतिक्रमण हटाया वहां टीम के जाने के बाद फिर से सड़क पर सामान रखकर कब्जा कर लिया गया। विगत बृहस्पतिवार को बीटी गंज बाजार में अचानक चलाए गए अभियान में भी यह बात सामने आई है। ऐसे में अब निगम प्रशासन ने अभियान को नियमित करने की योजना बनाई है। इसके लिए सप्ताह में दो दिन अलग-अलग हिस्सों में अतिक्रमण हटाया जाएगा। इनमें वे हिस्से भी शामिल होंगे, जिनमें लोग समय-समय पर अतिक्रमण की शिकायत करते रहते हैं।
-
यह देखने में आ रहा है कि अतिक्रमण हटाने के बाद फिर से सामान रखकर सरकारी संपत्ति पर स्थाई और अस्थाई तौर पर कब्जा कर लिया जाता है। इसके समाधान के लिए अब हर हफ्ते में दो दिन औचक अतिक्रमण अभियान चलाया जाएगा। सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माना कार्रवाई की भी जाएगी। - राकेश चंद तिवारी, नगर आयुक्त