अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीण धरना देते हुए।
- फोटो : amarujala
अवैध खनिज से भरे वाहनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जैसे ही धरना शुरू किया तो माफिया ने रास्ता बदल दिया। लेकिन ग्रामीणों का कहना है जब तक अवैध खनन पर रोक नहीं लगती धरना जारी रहेगा।
किशनपुर के ग्रामीणों ने रविवार को गांव में अवैध खनिज सामग्री से भरे वाहनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर धरना शुरू किया। इस दौरान ग्रामीणों का कहना है कि सोलानी से अवैध खनिज सामग्री से भरे वाहनों को माफिया गांव के रास्तों से ले जा रहे हैं। इससे गांव की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लेकिन प्रशासन ने आंदोलन की चेतावनी के बावजूद अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान होकर ग्रामीण धरना देने को मजबूर हो रहे हैं। धरने पर ओमप्रकाश सैनी, इसम सिंह, गजेंद्र, मोहल्लड़, अंकुर, असलम, शराफत आदि मौजूद रहे।
खनन सामग्री से भरे वाहन रोके, हंगामा
खनन सामग्री भरे वाहनों से मार्ग टूटने से गुस्साए ग्रामीणों ने मजाहिदपुर में हंगामा कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के रास्ते से ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग प्रशासन से भी की गई लेकिन किसी अधिकारी ने सुध नहीं ली। जिसकी वजह से सोहलपुर, मानूबांस, लामग्रंट, मजाहिदपुर आदि के ग्रामीणों ने स्वयं आगे आकर इन वाहनों को रोक दिया है।